अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ यानी ‘दृश्यम 3’ का ऑफिशियल ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी में 2 अक्टूबर की तारीख पहले से ही खास रही है और तीसरे पार्ट में भी यह तारीख अहम नजर आ रही है।
करीब 2 मिनट 52 सेकंड के ट्रेलर में एक बार फिर विजय सालगांवकर अपने परिवार से जुड़े राज को पुलिस और कानून से बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है। फिल्म को फ्रेंचाइजी का आखिरी चैप्टर बताया जा रहा है।
पुराने किरदारों के साथ नए चेहरों की एंट्री
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। तब्बू IG मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी की भूमिका में वापसी कर रही हैं।
इस बार कहानी में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री हुई है। दोनों किरदार विजय के खिलाफ जांच को और चुनौतीपूर्ण बनाते नजर आ रहे हैं। खास तौर पर जयदीप अहलावत क्राइम ब्रांच के SP की भूमिका में हैं।
इस बार सिर्फ दिमागी खेल नहीं
ट्रेलर से संकेत मिलता है कि तीसरे पार्ट में विजय के सामने चुनौती पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा गंभीर है। अब मामला केवल पुलिस को चकमा देने तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि विजय और जांच एजेंसियों के बीच सीधी टक्कर बनती नजर आ रही है।
ट्रेलर में विजय कहता है कि पुलिस के पास उसके खिलाफ बेहद मजबूत सबूत हैं। वहीं जयदीप अहलावत का किरदार विजय की चालाकी को समझते हुए उसे हल्के में लेने की गलती नहीं करता।
विजय की चालाकी को पहचानेंगे नए अधिकारी
जयदीप अहलावत फिल्म में क्राइम ब्रांच के SP की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार विजय को कमजोर समझने के बजाय उसकी सोच और रणनीति को गंभीरता से लेता है।
वहीं प्रकाश राज के किरदार की ओर से विजय के लिए कहा जाता है कि वह भले ही पढ़ा-लिखा न हो, लेकिन बेवकूफ नहीं है। एक अन्य डायलॉग में विजय को “गोवा का सबसे बड़ा हार्ड-वर्किंग क्रिमिनल” बताया गया है।
ट्रेलर से साफ है कि इस बार विजय के सामने ऐसी टीम है, जो उसकी पुरानी चालों और सोच को समझने की कोशिश करेगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि विजय एक बार फिर अपने परिवार को कानून के शिकंजे से बचा पाता है या नहीं।









