अंबेडकरनगर। सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी है। जिले के परिषदीय और पीएमश्री विद्यालयों में एक नवंबर से नई विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। समिति स्कूल की जरूरतों, विकास कार्यों और उपलब्ध संसाधनों के उपयोग पर नजर रखेगी।
जिले में 1,591 परिषदीय और 20 पीएमश्री विद्यालय हैं। सभी विद्यालयों में नई एसएमसी गठित की जाएगी। समिति में 15 सदस्य होंगे। इनमें 11 सदस्य विद्यार्थी-अभिभावक होंगे। महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी अनिवार्य रहेगी।
हर कक्षा की आवाज पहुंचेगी समिति तक
नई एसएमसी में प्रत्येक कक्षा का प्रतिनिधित्व होगा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन अभिभावकों में से किया जाएगा। इनमें एक पद महिला के लिए आरक्षित रहेगा।
एएनएम और लेखपाल भी समिति के सदस्य होंगे। वहीं प्रधानाध्यापक समिति के सचिव की भूमिका निभाएंगे।
स्कूल के खर्च पर भी रहेगी अभिभावकों की नजर
विद्यालयों में एसएमसी के नाम से संयुक्त बचत खाते खोले जाएंगे। खाते का संचालन अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से होगा।
समग्र शिक्षा के तहत मिलने वाली अनुदान राशि इन्हीं खातों में भेजी जाएगी। इस राशि से स्वीकृत रखरखाव, मरम्मत और अन्य जरूरी कार्य कराए जा सकेंगे।









