नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को भी विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। तेज बारिश के बावजूद विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) MSME विधेयक, 2026 ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने ‘अमित शाह सदन में आओ’ के नारे लगाए। इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सुबह से रात तक संसद में मौजूद रहते हैं। लोकसभा में उन्होंने कहा कि अमित शाह का नाम सुनते ही आतंकी कांप उठते हैं।
इससे पहले शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर करीब 45 नव-निर्वाचित लोकसभा सांसदों से नाश्ते पर मुलाकात की। नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद जगदीश बसुनिया ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों से कहा कि वे NDA परिवार का हिस्सा हैं और मिलकर जनता की सेवा करें।









