अंबेडकरनगर। होमगार्ड भर्ती में जिले के लिए चयनित 434 अभ्यर्थियों के नामांकन की प्रक्रिया अब आगे बढ़ेगी। चयनित अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण और पुलिस चरित्र सत्यापन 14 से 19 अक्टूबर तक पुलिस लाइन में कराया जाएगा। चिकित्सा परीक्षण के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी ने बोर्ड का गठन कर दिया है।
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स अंतिम कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की चयन प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई की जाएगी। प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर पुलिस लाइन पहुंचकर चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा अंतिम दिन
महिला अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण 19 अक्टूबर को होगा। अन्य चयनित अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा और पुलिस चरित्र सत्यापन 14 से 19 अक्टूबर के बीच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा।









