नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं।
उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार को तेज आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़ी कारों पर बिजली का पोल गिर गया। हादसे में दो कारों का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
राजस्थान के सीकर और चूरू जिलों में हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के चलते कई बाइक और कारें बीच रास्ते में फंस गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बादल फटने से काचरंग नाला उफान पर आ गया और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार बारिश के चलते अंधेरी सब-वे में पानी भर गया, जिसके बाद इसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। विक्रोली वेस्ट क्षेत्र में एक रिहायशी इमारत के पास बनी दीवार गिर गई। इसके अलावा कई इलाकों में पेड़ उखड़ने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा।
पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से जारी भारी बारिश के बीच बुधवार को कीयी पन्योर जिले की नीपको प्रोजेक्ट कॉलोनी में बाढ़ आ गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ के कारण 18 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है और राहत-बचाव कार्य जारी है।









