ऑपरेशन सिंदूर: शहीद 6 जवानों के नाम 13 महीने बाद जारी

केंद्र सरकार ने पहली बार ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 जवानों के नाम सार्वजनिक किए हैं

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय सेना के 6 जवानों के नाम केंद्र सरकार ने 13 महीनों बाद पहली बार आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किए हैं। इन शहीदों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल किए गए हैं।

इसके साथ ही नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की 3D वॉल पर वर्ष 2025 के खंड में भी इन शहीद जवानों के नाम अंकित किए गए हैं। नेशनल वॉर मेमोरियल के त्याग चक्र में बनी ग्रेनाइट की 16 गोलाकार दीवारों पर देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले सभी सैनिकों के नाम, रैंक और यूनिट दर्ज किए जाते हैं।

जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया।

इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक हवाई तनाव की स्थिति बनी रही, जो 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर समझौते के बाद समाप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button