जल जीवन मिशन में 353 ओएचटी तैयार

अब क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी शत-प्रतिशत मरम्मत 1,573 गांवों की योजनाओं की समीक्षा

अंबेडकरनगर। जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रही पेयजल योजनाओं की शुक्रवार को समीक्षा की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में 1,573 गांवों में संचालित और निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति देखी गई। ओएचटी निर्माण, जलापूर्ति, शिकायतों के निस्तारण और सड़क पुनर्स्थापन की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।

571 में 353 ओएचटी का निर्माण पूरा

बैठक में बताया गया कि जिले में 571 ओवरहेड टैंक (ओएचटी) बनाए जाने हैं। इनमें 353 का निर्माण पूरा हो चुका है। पिछली समीक्षा के बाद 27 ओएचटी का निर्माण पूरा हुआ है।

जिले की 229 पेयजल योजनाओं के सभी कार्य पूरे कर उन्हें संचालन एवं रखरखाव के लिए हस्तांतरित किया जा चुका है। इन योजनाओं से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। वहीं 342 योजनाओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा कराया जा रहा है। वर्तमान में 1,009 गांवों में जलापूर्ति की जा रही है।

पाइपलाइन के बाद सड़क पहले जैसी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने दोनों कार्यदायी फर्मों विंध्य टेलीलिंक्स और वेलस्पन एंटरप्राइजेज के प्रोजेक्ट मैनेजरों को सड़क पुनर्स्थापन में तेजी लाने के निर्देश दिए। जल निगम ग्रामीण मुख्यालय की ओर से एक अक्तूबर से 10 नवंबर तक सड़क पुनर्स्थापन अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों का शत-प्रतिशत पुनर्स्थापन कराने को कहा। गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sp-democracy-save-fortnight-ambedkar-nagar/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button