‘नशे के नेटवर्क पर होगी निर्णायक चोट’

एनकॉर्ड समिति की बैठक में डीएम ने तय की रणनीति, तस्करों पर सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

अंबेडकरनगर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय एनकॉर्ड (नेशनल नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) समिति की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी पर नियंत्रण, जागरूकता अभियान और विभिन्न विभागों के समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
तस्करी की हर कड़ी पर रहेगी पैनी नजर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी और सतत अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध परिवहन के संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाए और अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करते हुए दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।
स्कूलों से समाज तक पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश
बैठक में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, नशा मुक्ति अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
नशा मुक्ति केंद्रों और एनडीपीएस मामलों की हुई समीक्षा
बैठक में जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इसके साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों, अवैध गांजा बिक्री पर की जा रही कार्रवाई तथा आरोपियों की संपत्ति जब्ती की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button