लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सोमवार सुबह अचानक सर्वर ठप हो गया। इसके चलते OPD, रजिस्ट्रेशन और जांच समेत मरीजों को मिलने वाली कई सेवाएं प्रभावित हुईं। पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ OPD में रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर हंगामा भी हुआ।
10 बजे तक नहीं बन सके पर्चे
KGMU में आमतौर पर रोजाना 7 से 8 हजार मरीज OPD में पहुंचते हैं। सुबह 8 बजे से मरीजों के पर्चे बनाए जाते हैं, लेकिन सोमवार सुबह सर्वर ठप रहने के कारण न्यू और ओल्ड OPD ब्लॉक में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कतार में लगे मरीजों का 10 बजे तक भी रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका। इससे मरीज और तीमारदार परेशान दिखाई दिए।
जांच शुल्क ऑफलाइन जमा कराया गया
अधिकारियों के निर्देश के बाद सुबह 10 बजे के बाद जांच का शुल्क ऑफलाइन जमा कराया जाने लगा। वहीं, जांच रिपोर्ट के लिए मरीजों को कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा गया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद तीमारदार और कर्मचारी शांत हुए। बताया गया कि सोमवार को सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या कम थी।
NIC की टीम पहुंच रही KGMU
KGMU IT सेल की प्रभारी डॉ. प्रीति अग्रवाल ने बताया कि सर्वर की समस्या को लेकर NIC दिल्ली की टीम से अपडेट मिला है। NIC की एक टीम KGMU कैंपस पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि जब तक सर्वर पूरी तरह रिस्टोर नहीं होता, तब तक मरीजों की सेवाएं मैन्युअल तरीके से शुरू की जा सकती हैं।









