- मो. कैफ के खिलाफ लखनऊ में दर्ज केस गाजियाबाद ट्रांसफर
- महिला ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया
- महिला ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया
लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मो. कैफ के खिलाफ लखनऊ में दर्ज मुकदमा अब गाजियाबाद ट्रांसफर कर दिया गया है। शिकायत करने वाली महिला बुधवार को लखनऊ के आशियाना थाने पहुंची। पुलिस ने उसे FIR की कॉपी सौंपने के साथ ही मुकदमे को गाजियाबाद भेजे जाने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में शिकायत में बताए गए घटनाक्रम और स्थानों की पड़ताल की गई। जांच के दौरान जिस जगह घटना होने की बात सामने आई, वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में आती है। इसके बाद मुकदमा संबंधित थाने को भेज दिया गया।
महिला ने शादी का झांसा देने का लगाया आरोप
महिला ने मो. कैफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का यह भी आरोप है कि बाद में उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
इन आरोपों के आधार पर लखनऊ के आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
दो दिन से बयान के लिए बुला रही थी पुलिस
आशियाना इंस्पेक्टर गजेंद्र राय के मुताबिक, महिला को बयान दर्ज कराने के लिए पिछले दो दिनों से थाने बुलाया जा रहा था, लेकिन वह थाने नहीं पहुंची थी।
इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत में दर्ज घटनाक्रम और उसमें बताए गए स्थानों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जिस स्थान पर घटना होने का आरोप लगाया गया है, वह लखनऊ के बजाय गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में आता है।
इसी आधार पर मुकदमा गाजियाबाद ट्रांसफर कर दिया गया।
तहरीर में घटनास्थल स्पष्ट नहीं था
पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि महिला की तहरीर में घटनास्थल स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं था। इसी वजह से महिला को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने की तैयारी की जा रही थी।
जांच के दौरान घटनास्थल के संबंध में जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमे को संबंधित थाना क्षेत्र में भेजने की प्रक्रिया पूरी की। अब मामले की आगे की जांच गाजियाबाद पुलिस करेगी।









