मोबाइल को लेकर डांट के बाद कमरे में गया 10 वर्षीय आर्यन

टांडा के गौरा गूजर गांव की घटना, परिजन झूला झूलते समय रस्सी गले में फंसने की बता रहे वजह; मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अम्बेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र के गौरा गूजर गांव में शुक्रवार रात 10 वर्षीय किशोर की मौत से परिवार में मातम छा गया। मोबाइल फोन पर खेलने की जिद को लेकर परिजनों की डांट के बाद किशोर कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद परिजन अंदर पहुंचे तो वह रस्सी के सहारे लटका मिला। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गांव निवासी राम कृपाल का 10 वर्षीय पुत्र आर्यन शुक्रवार रात मोबाइल फोन मांग रहा था। परिजनों ने उसे डांट दिया। इसके बाद वह घर के अंदर चला गया। कुछ देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन उसे देखने कमरे में पहुंचे। वहां उसकी हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल उसे महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर ले गए।

परिजनों ने बताया झूले की रस्सी से हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक, आर्यन रात करीब 10 बजे रस्सी के सहारे झूला झूल रहा था। इसी दौरान रस्सी उसके गले में फंसकर कस गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी को सूचना भेजी गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हर्षिका पांडेय ने पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

टांडा कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवबक्श सिंह ने बताया कि थाने पर घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों की ओर से भी थाने को सूचना नहीं दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button