लखनऊ नहर के जाल में फंसे दो शव, पहचान नहीं

मानकनगर में कनौसी पुल के पास मिले दोनों शव, एक युवक के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू

  • मानकनगर में नहर के जाल से दो पुरुषों के शव मिले
  • दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है
  • मृतकों की उम्र करीब 40 और 20 साल बताई गई
  • 20 साल के युवक के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू है

लखनऊ। लखनऊ के मानकनगर इलाके में बुधवार सुबह कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर के जाल में दो शव फंसे मिले। दोनों शव पुरुषों के हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

40 और 20 साल के बताए जा रहे

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 7:30 बजे रेगुलेटर में दो शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों शवों को बाहर निकलवाया। मृतकों की उम्र करीब 40 और 20 साल बताई जा रही है।

हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू

करीब 20 साल के युवक के दाहिने हाथ पर ‘महाकाल’ नाम का टैटू बना हुआ है। पुलिस इसी टैटू को उसकी पहचान का आधार बनाकर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ अन्य माध्यमों से भी दोनों शवों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

दो युवकों के नहर में गिरने की सूचना

इससे पहले सोमवार देर रात नहर में दो युवकों के गिरने की सूचना पुलिस को मिली थी। दोनों की तलाश में SDRF ने करीब 24 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन मंगलवार देर रात तक कोई बरामदगी नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने सूचना की सत्यता पर संदेह जताया था।

नशे में सूचना देने का दावा

थाना प्रभारी अजीत सिंह के मुताबिक, सूचना देने वाला रविकांत मौर्य शराब के नशे में था। उसने पुलिस को दो युवकों के नहर में गिरने की जानकारी दी थी और बताया था कि दोनों भी नशे में थे। इसी वजह से पुलिस ने उस सूचना को संदिग्ध मानकर जांच शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button