- दिव्या और शीबा के सिर में गोली फंसी मिली
- मानस के सिर से गोली आरपार हुई
- दिव्या के सिर और चेहरे पर चोट के छह निशान मिले
लखनऊ। SBI अफसर मानस बाजपेयी द्वारा बैंक मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा और अपनी बहन शीबा बाजपेयी की हत्या के बाद खुद को गोली मारने के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से कई अहम तथ्य सामने आए हैं। तीनों शवों का KGMU में डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। पहले दिव्या मिश्रा, फिर मानस बाजपेयी और उसकी बहन शीबा का पोस्टमॉर्टम किया गया।
पोस्टमॉर्टम में सामने आई चोट
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, दिव्या और शीबा के सिर में गोली फंसी मिली, जबकि मानस के सिर से गोली आरपार हो गई थी। दिव्या के चेहरे और सिर पर चोट के छह निशान भी मिले हैं। पुलिस जांच में इससे आशंका जताई जा रही है कि गोली चलने से पहले दोनों के बीच हाथापाई या संघर्ष हुआ था।
तीनों का अलग-अलग अंतिम संस्कार
शुक्रवार देर शाम तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद दिव्या का शव उनके जीजा भरत यादव और ममेरे भाई मयंक दीक्षित घर ले गए। इसके बाद शव को बैकुंठ धाम ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, मानस और उसकी बहन शीबा के शव उनके मामा और ममेरे भाई सीधे बैकुंठ धाम ले गए। पहले दिव्या का अंतिम संस्कार हुआ। करीब डेढ़ घंटे बाद मानस और शीबा का अंतिम संस्कार किया गया।
ऑटो चालक ने पुलिस को बताया
पुलिस ने वारदात के समय मानस के साथ रहे ऑटो चालक मुकेश कुमार सरोज से भी पूछताछ की है। ऑटो चालक के मुताबिक, बैंक के बाहर दिव्या को गोली मारने के बाद मानस ने उसे गन पॉइंट पर घर तक छोड़ने के लिए मजबूर किया था।









