पारा में नगर निगम टीम पर हमला, पुलिस बल के साथ 200 भैंसें उठाईं

कैटल कैचर टीम पर हमले के बाद प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख

  • तीन थानों की फोर्स और एक कंपनी पीएसी की मौजूदगी में कार्रवाई
  • हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर पहुंचे पुलिसकर्मी
  • चार मोहल्लों से करीब 200 भैंसें नगर निगम ने उठवाईं

लखनऊ। पारा इलाके में नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर हमले के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर निगम की टीम तीन थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी के साथ इलाके में पहुंची। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट पहने हुए थे।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने चार मोहल्लों में कार्रवाई करते हुए करीब 200 भैंसों को पकड़कर हटाया।

मेयर और नगर आयुक्त भी पहुंचे

कार्रवाई के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। मेयर ने कहा कि पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे इलाके को अवैध डेयरियों और आवारा पशुओं से मुक्त कराया जाएगा।

मेयर ने कहा कि जिन लोगों ने पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला किया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने रविवार की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हमले में दरोगा के सिर पर चोट आई थी।

रविवार को टीम पर हुआ था हमला

दरअसल, रविवार को नगर निगम की कैटल कैचर टीम एक दरोगा और पुलिस बल के साथ पारा इलाके में पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान अवैध डेयरी संचालकों ने टीम पर हमला कर दिया।

पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिश, नसीम, रानू, जीशान और नाफिश समेत 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया था। सोमवार को पुलिस ने दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button