लखनऊ। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करीब 250 जेनजी क्रिकेटर्स और उनके परिजनों ने प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश से एक के बजाय तीन रणजी टीमें बनाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इतने बड़े राज्य में सिर्फ एक रणजी टीम होने से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता।
तीन क्रिकेट एसोसिएशन बनाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश को तीन अलग-अलग क्रिकेट एसोसिएशन में बांटकर तीन रणजी टीमें गठित करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक मौके मिल सकेंगे।
25 करोड़ की आबादी का दिया हवाला
उत्तर प्रदेश क्रिकेट प्लेयर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि करीब 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश के लिए सिर्फ एक रणजी टीम पर्याप्त नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहले प्रदेश में एक से अधिक रणजी टीमें बनाने की बात कह चुके हैं।
सितंबर में बड़े आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो सितंबर में प्रदेशभर के युवा क्रिकेटर बड़ा आंदोलन करेंगे। संगठन ने जेनजी खिलाड़ियों से प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।









