- शिक्षा मंत्री आवास का घेराव
- प्रदर्शन में अभ्यर्थी बेहोश
- पुलिस ने कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया
लखनऊ। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को नौकरी की मांग को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11:10 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पहुंचे और घेराव शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर वह बेहोश हो गया, जबकि एक महिला अभ्यर्थी के छोटे बच्चे को पुलिसकर्मियों ने गोद में लेकर सुरक्षित रखा।
पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने “योगी बाबा न्याय करो” के नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एफिडेविट में 8,270 सीटों को लेकर गलत जानकारी दी है। उनका कहना है कि इसमें 4,946 ऐसे अभ्यर्थियों के नाम शामिल किए गए हैं, जो पहले ही तीन बार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं।
6,800 सीटों पर नियुक्ति की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग 6,800 सीटों पर पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों को नियुक्ति देने की थी, लेकिन नई प्रक्रिया में केवल करीब 3,300 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिलने की संभावना है। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।









