लुधियाना में तालाब में गिरी कार, AAP मंत्री के करीबी 3 दोस्तों की मौत

5 लोग कार से नकोदर से दिड़बा जा रहे थे

लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी बताए जा रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनके दो साथी घायल हुए हैं। पांचों लोग कार से नकोदर से दिड़बा जा रहे थे।

रायकोट के पास बेकाबू हुई कार

हादसा रात करीब 1:15 बजे जगराओं से करीब 12 किलोमीटर दूर रायकोट के पास गांव बसियां में हुआ। बताया जा रहा है कि अचानक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बने छप्पड़ यानी तालाब में जा गिरी। कार तेजी से पानी में समा गई, जिससे सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

हादसे में तीन की मौत

मृतकों की पहचान आम आदमी पार्टी के नेता बलकार सिंह, विशाल और संदीप के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

माथा टेककर लौटने की बात कही थी

मृतक संदीप के मामा शेर ने बताया कि रात में उन्होंने संदीप को फोन किया था। संदीप ने कहा था कि वे माथा टेककर लौट रहे हैं। इसके बाद बड़े भांजे का फोन आया कि छोटे का जालंधर के पास एक्सीडेंट हो गया है। जालंधर उनके गांव से करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर है।

ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button