पुणे। पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद वापस पुणे लौट आई। विमान का लैंडिंग गियर ऊपर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे।
रनवे के ऊपर से गुजारकर की गई जांच
लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि यह जांचा जा सके कि उसका लैंडिंग गियर ठीक से खुला है या नहीं। जांच के बाद सुबह 9:04 बजे विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक ले जाया गया। विमान की स्थिति सुरक्षित पाए जाने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई। इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों को गुवाहाटी भेजने के लिए दूसरे विमान की तैयारी
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे भेजने की तैयारी कर रही थी।
क्या होता है लैंडिंग गियर?
लैंडिंग गियर विमान के पहियों और उन्हें संभालने वाले ढांचे को कहते हैं। इसी की मदद से विमान रनवे पर उतरता है और जमीन पर चलता है। उड़ान भरने के बाद ये पहिए विमान के अंदर चले जाते हैं, ताकि हवा में उड़ते समय रुकावट कम हो। वहीं, लैंडिंग से पहले इन्हें दोबारा बाहर निकाला जाता है। इस घटना में विमान का लैंडिंग गियर ऊपर नहीं जा सका था, जिसके चलते उसे वापस पुणे लौटना पड़ा।









