जालंधर में टॉयलेट क्लीनर पिलाकर लेक्चरर पत्नी की हत्या

पति की प्रेमिका भी नामजद- भाई का आरोप- सतपाल कौर ने भी नेहा को क्लीनर पिलाने में मदद की

जालंधर। जालंधर में लेक्चरर पत्नी नेहा (36) की कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर पिलाकर हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसके जीजा उमंग बस्सी की प्रेमिका सतपाल कौर भी वारदात के समय मौके पर मौजूद थी और उसने नेहा को टॉयलेट क्लीनर पिलाने में मदद की।

भाई के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति उमंग बस्सी के साथ सतपाल कौर को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस अब दोनों की भूमिका की जांच कर रही है।

पिस्टल दिखाकर धमकी देने का आरोप

मृतका की भाभी दिव्या ने आरोप लगाया कि उमंग बस्सी अपने पास पिस्टल रखता था। दिव्या के मुताबिक, आरोपी कई बार नेहा को धमकी दे चुका था कि वह उसके मुंह में गोली मार देगा।

परिजनों ने इस मामले में आरोपी से नेहा और उसके परिवार को पहले से खतरा होने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी आरोपों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

बेटी को लेकर परिवार की चिंता

नेहा की भाभी दिव्या ने भावुक होकर उसकी छह साल की बेटी कियारा को अपने पास रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि आरोपी बच्ची को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

दिव्या के मुताबिक, नेहा वेंटिलेटर पर रहने के दौरान भी आखिरी समय तक अपनी बेटी को तलाशती रही। वह बार-बार कह रही थी कि वह अपनी बेटी को देखे बिना नहीं मरना चाहती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button