अंबेडकरनगर। शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जिले में मोटरसाइकिल चेकिंग दस्ते सक्रिय किए गए हैं। सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी प्राची सिंह ने नामित पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। इसके बाद दस्तों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शाम चार से रात 10 बजे तक विशेष चेकिंग
जिले के प्रत्येक थाने में एक उपनिरीक्षक और तीन मुख्य आरक्षी या आरक्षी को शामिल कर दस्ता बनाया गया है। ये टीमें 22 अक्टूबर तक विशेष रूप से सक्रिय रहेंगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार त्योहारों पर इन्हें दोबारा चेकिंग की जिम्मेदारी दी जाएगी।
दस्ते दुर्गापूजा पंडालों, रामलीला मंचों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और चिह्नित संवेदनशील स्थलों पर गश्त करेंगे। शाम चार बजे से रात 10 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलेगा। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ सड़क अपराधों की रोकथाम पर ध्यान दिया जाएगा। प्रत्येक दस्ते के कम से कम एक पुलिसकर्मी को बॉडी वॉर्न कैमरा लगाना अनिवार्य होगा।
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचने के निर्देश
एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता और शालीनता के साथ ड्यूटी करने को कहा। छेड़छाड़, महिला संबंधी अपराध, मारपीट, सड़क दुर्घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। घटना की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को भी देनी होगी।
पुलिसकर्मी पंडाल समितियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के संपर्क में रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में कमी या अतिरिक्त उपकरणों की जरूरत होने पर थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी को सूचना देंगे। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी दस्तों की आकस्मिक जांच करेंगे। दुर्गापूजा और मूर्ति विसर्जन के बाद बेहतर कार्य करने वाले पांच दस्तों को पुरस्कृत किया जाएगा।









