कैलिफोर्निया। अमेरिका में बच्चों और टीनेजर्स के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम के इस्तेमाल को लेकर नए नियम लागू किए जा रहे हैं। अब नाबालिग रात के समय इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही रोजाना ऐप इस्तेमाल करने की सीमा भी तय की जाएगी।
यह बदलाव 26 अगस्त को मेटा और अमेरिका के 29 राज्यों के बीच हुए 16.7 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.59 लाख करोड़ रुपये के कानूनी समझौते के बाद सामने आया है। फिलहाल ये नियम केवल अमेरिका में लागू होंगे।
मानसिक स्वास्थ्य पर असर का आरोप
मेटा पर आरोप लगाया गया था कि फेसबुक और इंस्टाग्राम के इस्तेमाल से बच्चों और टीनेजर्स के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। कंपनी पर इस कथित नुकसान की जानकारी लोगों से छिपाने का भी आरोप लगाया गया।
बच्चों के डेटा को लेकर भी सवाल
मेटा पर बच्चों का व्यक्तिगत डेटा जुटाने और उसका इस्तेमाल AI मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए करने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों के बीच हुए समझौते के बाद बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नए प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं।









