नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प वर्ष 2027 की शुरुआत में भारत के दौरे पर आ सकते हैं। न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस संभावना का संकेत दिया। यदि यह यात्रा होती है तो राष्ट्रपति रहते हुए ट्रम्प का यह दूसरा भारत दौरा होगा। इससे पहले वर्ष 2020 में उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
मीडिया से बातचीत के दौरान जब मार्को रूबियो से भारत की प्रगति, विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक भूमिका पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और उनके कार्यों के बड़े प्रशंसक हैं। उनके इस बयान को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास एक सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रम्प एवेन्यू’ रखे जाने पर भारत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि इस तरह सम्मानित होने वाले वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं और इसके लिए भारत का धन्यवाद।
संभावित भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इनमें द्विपक्षीय व्यापार समझौता (BTA), टैरिफ में राहत, रक्षा सहयोग, आधुनिक सैन्य तकनीक साझा करने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर निर्माण, सुरक्षित वैश्विक सप्लाई चेन और मध्य पूर्व समेत वैश्विक सुरक्षा से जुड़े विषय प्रमुख रह सकते हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा दे सकता है।









