जंग के बाद पहली बार दिखे मुजतबा खामेनेई

ईरानी मीडिया ने जारी किया वीडियो, सेहत को लेकर किए जा रहे दावों के बीच सार्वजनिक रूप से आए नजर

तेहरान। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का जंग के बाद पहली बार वीडियो सामने आया है। ईरानी न्यूज एजेंसी मेहर ने यह वीडियो जारी किया है। इसमें मुजतबा जमीन पर बैठे लोगों के बीच उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

सुप्रीम लीडर बनने के बाद यह मुजतबा का पहला वीडियो बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

पिछले कुछ दिनों से मुजतबा की सेहत को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। इजराइली चैनल 14 ने सूत्रों के हवाले से उनकी हालत गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती होने का दावा किया था। यहां तक कहा गया था कि उनकी जल्द मौत हो सकती है।

अब वीडियो सामने आने के बाद इन दावों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मुजतबा की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी भी पूरी तस्वीर साफ नहीं है।

सऊदी मीडिया का दावा- ईरान में नहीं थे मुजतबा

सऊदी मीडिया अल-हदथ ने एक इजराइली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मुजतबा उस समय ईरान में मौजूद नहीं थे। सूत्र ने यह भी कहा था कि मुजतबा के नाम से जारी किए जा रहे सरकारी संदेश IRGC प्रमुख अहमद वाहिदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तैयार कर रहे थे।

सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मुजतबा सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए थे। उन्होंने कोई भाषण भी नहीं दिया था। सरकारी मीडिया ने उनके नाम से केवल लिखित संदेश जारी किए थे।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद भी मुजतबा किसी मंत्री से नहीं मिले थे। वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए थे।

राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने भी कहा था कि मुजतबा से सीधे संपर्क करना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button