MP-राजस्थान में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, यूपी की 10 नदियां उफान पर

राजगढ़ में निर्माणाधीन पुल से ईको कार बही, 4 की मौत; राजस्थान और यूपी में कई इलाके जलमग्न

भोपाल/जयपुर/लखनऊ। देश के कई राज्यों में मानसून का कहर जारी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के 15 से ज्यादा शहरों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई इलाकों में सड़कें और गांव पानी में डूब गए हैं।

MP में मूसलाधार बारिश, कई शहरों में जलभराव

मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, उज्जैन और देवास समेत कई शहरों में रविवार रात से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। कई निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान में डैम ओवरफ्लो, सड़कों पर 4 फीट तक पानी

राजस्थान के जयपुर स्थित कानोता और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया है। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार रात सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। बाड़मेर में भी कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए।

रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी और हॉस्पिटल रोड समेत कई जगहों पर 2 से 4 फीट तक पानी भर गया। कई दुकानों और घरों में भी बारिश का पानी घुस गया।

UP में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है। कई सड़कें डूब गई हैं और करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोग सड़कों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं। वाराणसी में सभी 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है।

राजगढ़ में पुल से ईको कार बही, 4 की मौत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन पुल से एक ईको कार बह गई। कार में 11 लोग सवार थे। इनमें से दो लोग किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव दल बाकी लोगों की तलाश में जुटा है।

हादसा पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुआ। सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button