समाधान दिवस में डीएम ने सुनी फरियाद, छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण

जलालपुर में 88 शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

अंबेडकरनगर। शनिवार को जिले की पांच तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 403 शिकायतें पहुंचीं। इनमें 38 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। सबसे अधिक 107-107 शिकायतें अकबरपुर और आलापुर तहसील में पहुंचीं। जलालपुर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जलालपुर में 88 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारणजलालपुर तहसील में डीएम की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां विभिन्न विभागों से संबंधित 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर निर्धारित समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जिन मामलों में मौके पर जांच जरूरी है, उनमें अधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर स्थिति देखें। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

लापरवाही मिली तो तय होगी जवाबदेही

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की शिथिलता न हो। निस्तारण की गुणवत्ता और प्रगति में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, नगर निकाय और चकबंदी समेत सभी विभागों को आपसी समन्वय से मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-govansh-teekakaran-abhiyan/

आलापुर में सबसे अधिक 15 शिकायतें निस्तारित

आंकड़ों के अनुसार अकबरपुर में 107 शिकायतों में छह का मौके पर निस्तारण हुआ। टांडा में 46 में छह, भीटी में 55 में पांच और आलापुर में 107 शिकायतों में 15 का मौके पर समाधान किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button