मुंबई। मुंबई एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने माहिम इलाके से 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है। उस पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का आरोप है। ATS के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में कथित तौर पर भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर की ऑडियो क्लिप मिली हैं। मामले की जांच मुंबई ATS की कालाचौकी यूनिट कर रही है।
सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर जैश-ए-मोहम्मद को बढ़ावा देने वाली सामग्री पोस्ट करता था। ATS उसके सोशल मीडिया अकाउंट और एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी का पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से कोई संपर्क था या नहीं।
मुंबई में रैपिडो ड्राइवर था आरोपी
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करीब 10 साल से मुंबई में रह रहा था। वह माहिम इलाके में बाबा फलूदा के पास परफ्यूम बेचता था। इसके अलावा, वह रैपिडो ड्राइवर के तौर पर भी काम करता था।
ATS कर रही मामले की जांच
ATS आरोपी के मोबाइल फोन से मिले कथित डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया गतिविधियों और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से संभावित संपर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी पर लगाए गए आरोप जांच के अधीन हैं।









