- जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर निकला लोकभवन मार्च
- करीब 5 किलोमीटर मार्च में हजारों समर्थक हुए शामिल
- बैरिकेडिंग तोड़ने पर पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
पटना। सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सड़क पर उतरे। उन्होंने जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर लोकभवन मार्च निकाला। करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्च में बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ मौजूद रहे।
तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकले मार्च में करीब पांच हजार समर्थकों के शामिल होने का दावा किया गया।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े समर्थक
मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग को तेजस्वी यादव और उनके समर्थकों ने पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
वाटर कैनन की कार्रवाई के बाद पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया।
बोले- जेल से डरने वाला नहीं हूं
हिरासत में लिए जाने से पहले तेजस्वी यादव ने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जन्म भी जेल में हुआ था।
तेजस्वी ने यह भी कहा कि सत्ता में आने वाले हर व्यक्ति को एक दिन सत्ता से जाना पड़ता है।
कार्यकर्ताओं के हाथ में तिरंगा और लकड़ी की AK-47
मार्च में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा दिखाई दिया। वहीं, कुछ कार्यकर्ता लकड़ी से बनी AK-47 जैसी आकृति लेकर भी पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिसकर्मियों की ओर पानी की बोतलें फेंके जाने की भी जानकारी सामने आई।
पुलिस ने जवानों को दिया संयम बरतने का निर्देश
ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन के दौरान संयम बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से झंडे का सम्मान करने और जरूरत पड़ने पर लाठी का इस्तेमाल समझदारी से करने को कहा।









