पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस लगातार नए साक्ष्य जुटाने में लगी है। इसी क्रम में बुधवार को जांच टीम मुख्य आरोपी और सिया गोयल के कथित प्रेमी चेतन चौधरी को एक बार फिर लोहगढ़ किले पर लेकर पहुंची। पुलिस का उद्देश्य हत्या वाले दिन सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान को लेकर अहम कड़ियों की पुष्टि करना है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, 18 जून को हुई वारदात के दिन मिले सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति हुडी पहनकर किले की ओर जाता दिखाई दिया था। पुलिस को संदेह है कि यह शख्स चेतन चौधरी हो सकता है। इसी शक की पुष्टि करने के लिए बुधवार सुबह चेतन को उसी स्थान पर हुडी पहनाकर पैदल चलवाया गया। इस दौरान उसकी चाल, बॉडी लैंग्वेज और हुडी पहनने के तरीके को रिकॉर्ड किया गया, ताकि इसे सीसीटीवी फुटेज से मिलाकर जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
इससे पहले भी पुलिस सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोहगढ़ किले पर लेकर गई थी, जहां कथित तौर पर केतन अग्रवाल को धक्का दिए जाने की घटना का सीन रीक्रिएट कराया गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि घटनास्थल पर आरोपियों की गतिविधियों का पुनर्निर्माण कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब दे सकता है।
CCTV फुटेज से मिलान पर टिकी जांच
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, आरोपियों की गतिविधियों और मौके पर जुटाए गए अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। यदि फुटेज में दिखाई देने वाले व्यक्ति की चाल और बॉडी लैंग्वेज चेतन चौधरी से मेल खाती है, तो यह जांच में एक अहम सबूत साबित हो सकता है।
प्री-वेडिंग समारोह का वीडियो हुआ वायरल
इस बीच मामले से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सिया गोयल और चेतन चौधरी के प्री-वेडिंग समारोह का है। वीडियो में दोनों परिवारों के सदस्य फिल्मी गीत ‘बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां तुम कहां’ पर डांस करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
3 जुलाई तक पुलिस रिमांड में दोनों आरोपी
फिलहाल इस मामले में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को अदालत ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज रखा है। जांच एजेंसियां दोनों से लगातार पूछताछ कर रही हैं और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है।









