शिवसेना शिंदे गुट के विधायक मुरजी पटेल ने दावा किया है कि महाराष्ट्र में आने वाले दिनों में ‘ऑपरेशन टाइगर-4’ देखने को मिल सकता है। पटेल के मुताबिक, शिवसेना ठाकरे गुट के करीब 14 विधायक उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं।
हालांकि, ठाकरे गुट के 14 विधायकों के शिंदे के साथ जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में पटेल के दावे के बाद महाराष्ट्र की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
लोकसभा में ठाकरे गुट को लग चुका है झटका
उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के लोकसभा में पहले 9 सांसद थे। इनमें से 6 सांसद पार्टी से अलग होकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे। इसके बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई।
अब मुरजी पटेल के दावे के बाद विधानसभा में भी इसी तरह के राजनीतिक बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं।
14 विधायकों के पाला बदलने की चर्चा
पटेल के दावे के अनुसार, ठाकरे गुट के सांसदों के बाद अब उसके विधायक और फिर नगरसेवक भी शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। इस दावे में 14 विधायकों की संख्या को अहम माना जा रहा है।
महाराष्ट्र विधानसभा में ठाकरे गुट के पास 20 विधायक बताए जाते हैं। ऐसे में दो-तिहाई विधायकों के एक साथ अलग होने की स्थिति में दलबदल विरोधी कानून के तहत अलग कानूनी स्थिति बन सकती है।
MVA की बैठक में गैरहाजिरी से भी बढ़ी अटकलें
राजनीतिक चर्चाओं के बीच महाविकास अघाड़ी की हालिया बैठक का भी जिक्र किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बैठक में 60 में से 37 विधायक मौजूद नहीं थे। इस गैरहाजिरी ने ठाकरे गुट के विधायकों को लेकर चल रही अटकलों को और हवा दी है।
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कुछ विधायकों ने किसी अज्ञात स्थान पर एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।









