- डोडा में बादल फटने से मलबा रिहायशी इलाके में पहुंचा
- मुंबई में 48 घंटे में 380 मिमी बारिश दर्ज
- IMD ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया
- मुंबई और नासिक में स्कूल-कॉलेज बंद
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ऊपरी इलाकों में बादल फटने से भारी मात्रा में मलबा रिहायशी क्षेत्रों में घुस गया। सड़कों पर खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं, जबकि प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर जारी है। मुंबई में पिछले 48 घंटे में करीब 380 मिमी (15 इंच) बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
नासिक में भी एहतियात के तौर पर सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। लगातार बारिश के कारण त्र्यंबकेश्वर मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर भी मंगलवार के लिए रोक लगा दी गई है।
उधर, केरल के वायनाड में एक टनल प्रोजेक्ट साइट पर लैंडस्लाइड होने से पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।









