डिब्रूगढ़। असम के डिब्रूगढ़ जिले में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के दो संदिग्धों पर पुलिस ने फायरिंग की। मंगलवार रात बालिजन टी एस्टेट में हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी। इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तलाशी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की।
हथियार बरामद करने गई थी पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे टीम दोनों आरोपियों राजू और अमीर को हत्या में इस्तेमाल मुख्य हथियार बरामद कराने के लिए बालिजन टी एस्टेट लेकर गई थी। तलाशी के दौरान दोनों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल पुलिसकर्मियों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हुई थी हत्या
यह मामला 16 नवंबर 2026 को डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में सामने आया था। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई थी।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं में राजू और अमीर शामिल बताए गए हैं।
छठ पूजा का प्रसाद देने पहुंचा था किरायेदार
घटना का खुलासा 16 नवंबर की शाम हुआ था। बताया गया कि परिवार का एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने उनके घर पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई। वहां तीन अलग-अलग कमरों में परिवार के तीनों सदस्यों के खून से लथपथ शव मिले। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था।









