बारिश का कहर, कई राज्यों में तबाही

महाराष्ट्र में 3 हजार LPG सिलेंडर नदी में बहे, उत्तराखंड में भूस्खलन और राजस्थान में मकान ढहा

  • रायगढ़ में 3 हजार LPG सिलेंडर नदी में बहे
  • मध्य प्रदेश के 27 जिलों में बारिश
  • उत्तरकाशी और टिहरी में भूस्खलन
  • अजमेर में बारिश से मकान ढहा

भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पातालगंगा नदी में बाढ़ का पानी आने के बाद पनवेल स्थित LPG बॉटलिंग प्लांट से करीब 3 हजार गैस सिलेंडर बह गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें न छुएं और इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

मध्य प्रदेश में बुधवार को 27 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। दमोह में सबसे ज्यादा 1.75 इंच वर्षा हुई। वहीं, खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर भूस्खलन हुआ। टिहरी में NH-707A पर हुए लैंडस्लाइड से एक मकान ढह गया, जबकि आसपास के दो से तीन मकानों पर भी खतरा बना हुआ है।

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में भारी बारिश के कारण एक मकान गिर गया, जिसमें पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। सभी को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दिल्ली में सुबह से हो रही बारिश के कारण रेलवे स्टेशन, मुनिरका और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button