राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: 8 आरोपियों के घर एक साथ पुलिस रेड

अयोध्या में चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद आरोपियों के घरों पर पुलिस की छापेमारी

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में रविवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल में बंद 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे 8 अलग-अलग पुलिस टीमों ने समन्वित तरीके से दबिश दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों के घरों पर ताले लगे मिले। पुलिस ने आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। इस दौरान कई घरों में दस्तावेजों, अलमारियों और बक्सों की गहन तलाशी ली गई।

रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर भी पुलिस पहुंची, जहां शुरुआत में ताला लगा था। कुछ समय बाद उनकी मां ने ताला खोला, जिसके बाद पुलिस ने घर के भीतर जांच की। वहीं, मनीष यादव और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घरों पर भी ताले लगे मिले, जिसके चलते पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की।

अनुकल्प मिश्रा के घर पर पुलिस ने संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाले। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई। इसी तरह अविनाश शुक्ला के घर पुलिस को कोई नहीं मिला, जिसके बाद आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई।

लवकुश मिश्रा के रुदौली स्थित घर पर पुलिस की मौजूदगी के दौरान उनके परिजनों से पूछताछ हुई, जबकि रमाशंकर मिश्रा के घर पर पुलिस ने अलमारी और बक्सों की जांच की और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए।

इस बीच RSS के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच SIT कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में कानून का राज है और अपराधियों को सजा अवश्य मिलेगी। साथ ही उन्होंने अपील की कि मामले को राजनीतिक रंग देने की आवश्यकता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button