चार राज्यों में उपचुनाव आज, नंदीग्राम पर सबसे ज्यादा नजर

बंगाल की दो सीटों समेत 6 सीटों पर वोटिंग; पहली बार ऐसा चुनाव जब ममता न सीएम हैं, न विधायक और न उम्मीदवार

नई दिल्ली। देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। कुल छह सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंथकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट और असम की नागांव लोकसभा सीट शामिल हैं। सभी सीटों के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

इनमें सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर है। 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हुआ और भाजपा सत्ता में आई। ममता बनर्जी भी विधानसभा चुनाव में अपनी सीट हार गई थीं। ऐसे में नंदीग्राम का उपचुनाव बंगाल की बदली राजनीतिक स्थिति के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पहली बार ममता न सीएम, न विधायक और न उम्मीदवार

नंदीग्राम सीट को लेकर इस बार स्थिति इसलिए भी अलग है क्योंकि ममता बनर्जी इस चुनाव में उम्मीदवार नहीं हैं। पहले उनके नंदीग्राम से उपचुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया था। बाद में उन्होंने नामांकन वापस ले लिया।

इसके बाद नंदीग्राम में ममता बनर्जी की अगुवाई वाले तृणमूल कांग्रेस गुट का उम्मीदवार नहीं रह गया। सीट पर अब कांग्रेस के मिलन प्रधान समेत अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं।

नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को मिली जमानत

नंदीग्राम सीट पर कांग्रेस ने मिलन प्रधान को उम्मीदवार बनाया है। उन्हें 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े करीब 19 साल पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ छह मामले बताए गए हैं, जिनमें कुछ में हत्या के आरोप भी शामिल हैं।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने 29 सितंबर को उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। इसके बाद मिलन प्रधान चुनाव प्रचार में लौटे। पश्चिम बंगाल सरकार ने उनकी जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की कोशिश की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मामले की तत्काल सुनवाई से इनकार किया था।

भाजपा ने चंद्रनाथ रथ की मां को बनाया उम्मीदवार

भाजपा ने नंदीग्राम से हसिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वह शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की 6 मई 2026 को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।

नंदीग्राम में भाजपा की हसिरानी रथ और कांग्रेस के मिलन प्रधान समेत अलग-अलग दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में दोनों पक्षों की ओर से जोर लगाया गया।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/central-secretariat-library-supreme-court/

रेजीनगर सीट पर भी मुकाबला

पश्चिम बंगाल की दूसरी विधानसभा सीट रेजीनगर में भी मंगलवार को मतदान होगा। भाजपा ने यहां शाश्वर सरकार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने रबीउल आलम चौधरी को मैदान में उतारा है। दोनों सीटों के लिए मतदान 6 अक्टूबर को और मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button