शिवा शर्मा हत्याकांड: नेपाल में दिखी फरार मॉडल श्रद्धा दुबे

बहन रश्मि और दोस्त आदिल के साथ नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन पर नजर आई श्रद्धा, वीडियो जारी कर बोली- शिवा ने सुसाइड किया है

लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे नेपाल में नजर आई है। जांच के दौरान पुलिस को नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन के दो सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इनमें श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और दोस्त आदिल के साथ दिखाई दे रही है। पहले फुटेज में तीनों सड़क पार करते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे में वे ई-रिक्शा से जाते दिख रहे हैं।

स्कॉर्पियो छोड़कर पैदल पार किया नेपाल बॉर्डर

9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही श्रद्धा फरार है। पुलिस उसकी तलाश लखनऊ समेत कई ठिकानों पर कर रही थी। लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस सीतापुर और लखीमपुर भी पहुंची, लेकिन वहां तीनों नहीं मिले।

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन और ड्राइवर के साथ बहराइच के रुपईडीहा पहुंची। यहां स्कॉर्पियो कार छोड़कर तीनों पैदल नेपाल की सीमा पार कर गए। बाद में नेपाल के बस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में उनकी मौजूदगी सामने आई।

वीडियो जारी कर बोली- मैं भागी नहीं हूं

बुधवार रात श्रद्धा ने दो वीडियो जारी किए। इनमें उसने दावा किया कि वह भागी नहीं है और शिवा शर्मा ने आत्महत्या की है। श्रद्धा ने कहा, “मैं पुलिस के सामने आकर सच बताना चाहती हूं।” कारोबारी की मौत के मामले में उसके दावे और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button