लखनऊ। लखनऊ में काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के मौके पर रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी के एक तरफ ब्रजेश पाठक और दूसरी तरफ केशव प्रसाद मौर्य व पंकज चौधरी नजर आए। इस दौरान योगी ने बच्चों और पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली।
देशभक्ति के गीतों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच तिरंगा यात्रा सुबह 9.20 बजे मुख्यमंत्री आवास 5, कालिदास मार्ग से शुरू हुई। करीब 30 मिनट में 2 किलोमीटर की दूरी तय कर यात्रा विधानभवन पहुंची।
यात्रा में कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा नेताओं, स्कूली बच्चों और युवाओं समेत करीब 30 हजार लोग शामिल हुए। बच्चों ने 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर विधानसभा तक मार्च किया।
यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पूजा पाल भी यात्रा में शामिल हुईं। अपर्णा यादव ने कहा कि Gen-Z हमारे साथ है और यही युवा इस यात्रा को कामयाब बना रहे हैं।









