शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे के फ्लैट पर सीन रीक्रिएशन

डमी गिराकर जांचे गए घटनाक्रम- फॉरेंसिक टीम ने करीब एक घंटे तक दोहराई घटना; कोर्ट ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर की न्यायिक रिमांड 26 नवंबर तक बढ़ाई

लखनऊ। चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच में पुलिस ने शुक्रवार को अहम कदम उठाया। फॉरेंसिक टीम ने आरोपी श्रद्धा दुबे के फ्लैट पर पहुंचकर घटना का सीन रीक्रिएशन किया। टीम ने गुपचुप तरीके से शाम के समय करीब एक घंटे तक घटनाक्रम को दोहराया। इस दौरान डमी को ऊंचाई से गिराकर मौत से जुड़े पहलुओं और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच की गई।

डमी गिराकर दोहराया गया घटनाक्रम

फॉरेंसिक टीम ने फ्लैट पर पहुंचकर घटना से जुड़े संभावित घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया। डमी को ऊंचाई से गिराकर यह जांच की गई कि घटना किन परिस्थितियों में हुई होगी। पुलिस का मानना है कि सीन रीक्रिएशन से घटनास्थल से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाने और जांच की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी।

डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने सीन रीक्रिएशन किया है। इससे विवेचना में मदद मिलेगी।

तीनों आरोपियों की न्यायिक रिमांड 26 नवंबर तक बढ़ी

मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर आदिल फिलहाल जेल में बंद हैं। शुक्रवार को तीनों आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया।

सुनवाई के बाद कोर्ट ने तीनों की न्यायिक रिमांड 13 दिन और बढ़ाने का आदेश दिया। अब उनकी न्यायिक रिमांड 26 नवंबर तक रहेगी।

9 अक्टूबर की रात चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत

यह घटना 9 अक्टूबर की रात लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई थी। कारोबारी शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई थी। घटना के समय फ्लैट में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर भी मौजूद थे।

घटना के बाद तीनों वहां से फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने उन्हें नागपुर से गिरफ्तार किया था। अब पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button