
लखनऊ। कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने में नाकाम साबित हो रहा है और भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।
कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि यदि चुनाव आयोग आधार कार्ड को पहचान पत्र नहीं मानता, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बताएं कि वे लगातार आधार को क्यों प्रमोट कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार हर योजना में आधार को अनिवार्य बना रही है, तो चुनाव आयोग की यह नीति दोहरा रवैया क्यों दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि संविधान में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए इसे संविधान विरोधी प्रक्रिया बताया जा रहा है। आराधना मिश्रा ने कहा कि संविधान बचाने के लिए कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान शुरू कर रही है और इसे हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर SIR प्रक्रिया को रोकने की मांग की जाएगी।
इस मौके पर पूर्व सांसद पी. एल. पुनिया, सांसद उज्ज्वल रमन सिंह और किशोरी लाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।








