
कानपुर। कानपुर के बिधनू क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब SSC GD परीक्षा सर्वर ठप होने के कारण अचानक रद्द कर दी गई। सेंटर पर पहुंचे सैकड़ों परीक्षार्थियों को बिना परीक्षा लौटना पड़ा।
चारों पालियों की परीक्षा रद्द
सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के उरियारा डांडे पुरवा स्थित श्री साईं ऑनलाइन एग्जाम सेंटर में SSC GD की परीक्षा चार पालियों में आयोजित होनी थी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 10 बजे तक निर्धारित थी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को सुबह 8:45 बजे रिपोर्ट करना था।
लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही सेंटर प्रबंधन ने गेट पर नोटिस लगाकर सभी पालियों की परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी।
100 किलोमीटर दूर से आए छात्र हुए परेशान
रायबरेली, कासगंज, बहराइच, रानियां, उन्नाव और फतेहपुर जैसे जिलों से करीब 100 किलोमीटर दूर से परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। अचानक परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही छात्रों में निराशा फैल गई।
छात्रों में आक्रोश, नारेबाजी भी की
कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा रद्द होने पर नाराजगी जताई और सेंटर के बाहर नारेबाजी भी की। हालांकि मौके पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने स्थिति को संभाला और छात्रों को शांत कराया।
सर्वर ठप होना बताया कारण
सेंटर प्रबंधन ने परीक्षा रद्द करने का कारण सर्वर फेल होना बताया। हालांकि परीक्षार्थियों का कहना है कि इतनी दूर से आने के बाद अचानक परीक्षा रद्द होना बेहद निराशाजनक है।









