पत्रकारों के जज्बे को PM मोदी ने किया सलाम

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य दोहराया

  • भाजपा मुख्यालय में दीपावली मिलन कार्यक्रम में बोले मोदी- न्यूज की दुनिया में डेडलाइन सबसे जरूरी
  • पत्रकारों को पहले ही मिल गई थी मेरे CM बनने की खबर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और उनके काम के प्रति समर्पण की सराहना की। मोदी ने कहा कि न्यूज रूम में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। पत्रकार मुश्किल परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर खबरें लोगों तक पहुंचाते हैं।

आपदाओं में भी पीछे नहीं हटते पत्रकार

प्रधानमंत्री ने कहा कि भूकंप और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जब लोग अपनी जान बचाकर भाग रहे होते हैं, तब पत्रकार घटनास्थल पर पहुंचकर कवरेज करते हैं। वे परिवार की चिंता छोड़कर कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। पत्रकारों का यह जज्बा और समर्पण सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की दुनिया में डेडलाइन सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसी तरह जीवन में भी समयसीमा का विशेष महत्व है। डेडलाइन से काम की प्राथमिकताएं तय होती हैं और काम को गति मिलती है।

पत्रकारों को पहले ही मिल गई थी CM बनने की खबर

मोदी ने अपने पुराने दिनों का किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब वह 11 अशोका रोड पर रहते थे, तब एक दिन कुछ पत्रकार अचानक उनके कमरे में पहुंच गए। पत्रकारों ने मजाकिया अंदाज में उनका गला पकड़ते हुए मिठाई खिलाने की मांग की।

मोदी ने पूछा कि किस बात की मिठाई खिलानी है? इस पर पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुद इस फैसले की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही इसकी खबर मिल गई थी। उन्होंने बताया कि कई पत्रकार अपने खर्च पर उनके शपथ ग्रहण समारोह में भी पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button