होर्मुज स्ट्रेट खुला तो ईरान से जंग रोक सकता है अमेरिका: WSJ

ट्रम्प बिना परमाणु समझौते के भी युद्ध खत्म करने के विकल्प पर कर रहे विचार, ईरान ने रखीं कई शर्तें

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ईरान के साथ औपचारिक परमाणु समझौते के बिना भी मौजूदा युद्ध खत्म करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोल देता है और वहां से सामान्य कारोबारी जहाजों की आवाजाही शुरू हो जाती है, तो अमेरिका संघर्ष से पीछे हट सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प पिछले कुछ हफ्तों से इस विकल्प पर काम कर रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निजी बातचीत में संकेत दिया है कि तेहरान के साथ औपचारिक परमाणु समझौते के बिना भी संघर्ष खत्म किया जा सकता है।

परमाणु समझौते से बदला अमेरिका का फोकस

अब तक ट्रम्प प्रशासन का मुख्य जोर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौता कराने पर रहा है। हालांकि, युद्ध लंबा खिंचने के बाद अमेरिका का फोकस बदलता दिखाई दे रहा है।

अब होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य जहाजों की आवाजाही बहाल करना युद्ध खत्म करने की अहम शर्त बन सकता है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की आवाजाही होती है।

होर्मुज खोलने के लिए ईरान की कई शर्तें

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के बदले अमेरिका के सामने कई मांगें रखी हैं। ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहम्मद बाघेर जोलघदार के मुताबिक, अमेरिका को युद्ध स्थायी रूप से खत्म करना होगा और अपनी नौसैनिक नाकाबंदी हटानी होगी।

ईरान ने क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की वापसी और सभी प्रतिबंध हटाने की मांग भी की है। इसके अलावा विदेशों में जमा ईरानी संपत्तियों को रिलीज करने और युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग रखी गई है।

अमेरिकी सहयोगी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई रोकने की मांग

ईरान की एक अन्य मांग है कि अमेरिका क्षेत्र में उसके सहयोगी संगठनों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई बंद करे। ऐसे में होर्मुज स्ट्रेट खोलने के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच बातचीत कई शर्तों पर निर्भर करती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button