
- SHO और चौकी इंचार्ज सस्पेंड
- दो घंटे में दो बार हुई हिंसक वारदात
- पुलिस कमिश्नर ने कहा – लापरवाही बर्दाश्त नहीं
लखनऊ। लखनऊ के पॉश इलाके विभूति खंड स्थित समिट बिल्डिंग में 30 अगस्त की रात बार और क्लबों में जमकर बवाल हुआ। कुर्सियां फेंकी गईं, पिस्टल तानी गई और 2 राउंड फायरिंग हुई। घटना का वीडियो सोमवार को वायरल होते ही हड़कंप मच गया। पुलिस की लापरवाही सामने आने पर विभूति खंड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह और समिट चौकी इंचार्ज सूर्यसेन कुमार सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए।
दो घंटे में दो बार मारपीट और गोलीबारी
समिट बिल्डिंग में 30 अगस्त की रात दो घंटे के भीतर दो अलग-अलग बार और क्लबों में हिंसा हुई। दोनों घटनाओं में नशे में धुत बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया।
पहला मामला: टिकल पिंक क्लब में रौनक सिंह के साथ शिव, कैफ और उनके साथियों ने मारपीट की। बाहर निकलते ही जानलेवा फायरिंग की गई।
दूसरा मामला: द हाइप रूम बार के PR मैनेजर मो. हम्जा खान पर अजीत पांडेय और साथियों ने पिस्टल से हमला कर सिर फोड़ दिया।
दोनों वारदातें सीसीटीवी में कैद हुईं, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की।
पुलिस कमिश्नर का एक्शन
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह ने लापरवाही मानते हुए SHO और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया। नए SHO के रूप में अमर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुलिस कमिश्नर का बयान:
“थानों और चौकियों पर बैठे अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी अपराध पर नियंत्रण है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”








