
- अफगान दूतावास के अनुरोध पर पाकिस्तान का फैसला
- ट्रांजिट में अटके ट्रकों को मिली राहत की उम्मीद
- भारत की चुप्पी से व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी
अमृतसर। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक अहम कदम उठाते हुए अफगानिस्तान से भारत की ओर जा रहे 150 ट्रकों को वाघा सीमा पार करने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला इस्लामाबाद स्थित अफगान दूतावास के विशेष अनुरोध पर लिया गया है। हालांकि, अब सारा दारोमदार भारत सरकार के फैसले पर टिका है कि क्या अटारी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) के जरिए इन ट्रकों को प्रवेश की इजाजत मिलेगी या नहीं।
ट्रांजिट में फंसे थे 150 अफगान ट्रक
पाकिस्तान की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में बताया गया है कि ये सभी 150 ट्रक 25 अप्रैल 2025 से पहले पाकिस्तान में दाखिल हुए थे और देश के विभिन्न ट्रांजिट प्वाइंट्स पर फंसे हुए थे। ट्रकों में माल लदा हुआ है, जिसे भारत ट्रांजिट के तहत भेजा जाना है। पाकिस्तान ने यह फैसला ‘भाईचारे और सहयोग’ की भावना को ध्यान में रखते हुए लिया है।
अफगान दूतावास ने भेजी सूची
अफगान दूतावास द्वारा ट्रकों की एक सूची पाकिस्तान सरकार को सौंपी गई थी, जिसे संबंधित प्राधिकरणों के साथ साझा कर दिया गया है। पाकिस्तान ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि और कोई ट्रक फंसे हैं तो उनकी जानकारी भी तुरंत दी जाए, ताकि उन्हें भी वाघा बॉर्डर तक पहुंचने की अनुमति दी जा सके।
भारत के फैसले पर बना है असमंजस
हालांकि पाकिस्तान की ओर से रास्ता खोल दिया गया है, लेकिन अब नजरें भारत सरकार के फैसले पर टिकी हैं। अटारी ICP पर इन ट्रकों को रिसीव करने को लेकर अभी तक भारत की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।








