अम्बेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र के मंशापुर चौराहे पर गश्त के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर पांच लोगों को सवार पाया। पुलिस ने वाहन रोककर यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी दी और पूछताछ की। इस दौरान बाइक सवारों पर पुलिस से अभद्रता करने का आरोप है। बाद में पुलिस ने वाहन का चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक प्रभात गंगवार और मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार शर्मा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मंशापुर चौराहे के पास एक मोटरसाइकिल पर पांच लोग सवार होकर जाते दिखाई दिए। क्षमता से अधिक सवारी होने पर पुलिस ने बाइक को रोक लिया।
नियमों की जानकारी देने पर हुआ विवाद
पुलिस का कहना है कि बाइक सवारों को बताया गया कि एक मोटरसाइकिल पर पांच लोगों का सफर करना यातायात नियमों का उल्लंघन है और इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। आरोप है कि कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कुछ सवार पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगे।
वाहन का चालान, नियमों का पालन करने की हिदायत
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मोटरसाइकिल का चालान कर दिया। साथ ही सभी सवारों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।









