
अंबेडकरनगर। सऊदी अरब के अबहा शहर में करीब 161 भारतीय नागरिक पिछले दो वर्षों से फंसे होने का मामला सामने आया है। इनमें उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जनपद के कई युवक भी शामिल हैं। रोजगार के नाम पर विदेश भेजे गए इन लोगों को अब गंभीर मानवीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ितों के अनुसार पिछले तीन महीनों से उनके पास भोजन और पैसे तक की व्यवस्था नहीं है।
छह महीने के वीजा पर भेजे गए थे युवक
फंसे हुए भारतीयों ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के माध्यम से अपनी स्थिति सार्वजनिक की है। वीडियो में बताया गया है कि करीब दो वर्ष पहले उन्हें अलीसार नामक कंपनी के माध्यम से सऊदी अरब भेजा गया था। कंपनी द्वारा केवल छह महीने का वीजा दिलाया गया। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद न तो उन्हें कोई काम उपलब्ध कराया गया और न ही भारत लौटने की व्यवस्था की गई।
काम और वेतन दोनों से वंचित
पीड़ितों का कहना है कि वीजा खत्म होने के बाद वे गैरकानूनी स्थिति में फंस गए। कंपनी की ओर से संपर्क पूरी तरह समाप्त हो गया। न रोजगार मिला, न वेतन और न ही रहने-खाने की कोई व्यवस्था की गई। धीरे-धीरे हालात इतने खराब हो गए कि पिछले तीन महीनों से कई लोगों को लगातार कई दिनों तक बिना भोजन रहना पड़ रहा है।
अंबेडकरनगर के युवक भी संकट में
इस संकट में अंबेडकरनगर जनपद के अजय चौहान, फुलबदन, कुमार हृदेश्य और संतोष कुमार जैसे युवक भी शामिल हैं। इनके अलावा बस्ती, गोरखपुर और राजस्थान के झुंझुनू जिले सहित देश के अन्य हिस्सों के नागरिक भी अबहा शहर में फंसे हुए हैं। सभी की स्थिति लगभग एक जैसी बताई जा रही है।









