
- 5.15 करोड़ की लागत से बनी थी वायु विहार सड़क
- ADA की जांच में सीवर लाइन से सीपेज का कारण सामने आया
- मरम्मत कार्य शुरू, ट्रैफिक डायवर्ट कर सावधानी बरती गई
आगरा । आगरा के वायु विहार मार्ग पर 5.15 करोड़ रुपए की लागत से बनी नई सड़क मात्र एक महीने में धंस गई। बाबूजी चौराहा के पास सड़क के बीचोंबीच 8 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे लोगों में दहशत है। फिलहाल एक साइड का ट्रैफिक रोकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।
यह सड़क कलवारी चौराहा से बाबूजी चौराहा तक बनाई गई थी और इसे 25 अप्रैल 2025 को पूरा किया गया था। स्थानीय लोगों द्वारा वर्षों से किए गए आंदोलनों और धरनों के बाद ADA द्वारा इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिली थी। ठेका मैसर्स भगवती बिल्डर्स को दिया गया था।
धंसने का मुख्य कारण सीवर लाइन में सीपेज को बताया जा रहा है। ADA के निरीक्षण में पाया गया कि सड़क के नीचे स्थित सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है, जिससे लगातार अंदरूनी सीपेज हो रहा था। यह सीपेज मिट्टी को कमजोर कर सड़क के धंसने का कारण बना।
ADA उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली के निर्देश पर मुख्य अभियंता और अधिशासी अभियंता ने मौके का निरीक्षण किया। जलकल विभाग द्वारा संचालित इस सीवर लाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है। गड्ढे के आसपास की सड़क की खुदाई कर सीवर लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है, जिसमें तीन जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। ट्रैफिक को 100 मीटर पहले ही डायवर्ट कर दिया गया है ताकि कोई हादसा न हो।








