
आगरा। शहर में सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आगरा पुलिस का अभियान लगातार तेज़ी पकड़ता जा रहा है। सिटी जोन में बीते तीन दिनों में कुल 1,159 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की अपील के बाद डायल 112 पर शराबियों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिस पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है।
तीन दिन में सैकड़ों शराबी पकड़े गए
अभियान के पहले दिन 405, दूसरे दिन 389 और तीसरे दिन 365 लोगों को सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई, जिसमें मॉडल शॉप और शराब ठेकों के बाहर पीने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई थी।
कार में शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई
सिर्फ सार्वजनिक स्थान ही नहीं, कार में बैठकर शराब पीने वालों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस ने इस दौरान 963 वाहनों के चालान किए और 64 वाहनों को सीज किया है।
थानों में दिलाई गई शपथ
खुले में शराब पीने वालों से वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ थानों में भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने की शपथ भी दिलवाई गई। पुलिस का कहना है कि यह कदम लोगों को सुधारने की दिशा में उठाया गया है।
जनभागीदारी से मिल रहा पुलिस को सहयोग
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि यह अभियान जनहित में लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि खुले में शराब पीने वालों की सूचना डायल 112 पर देने की अपील की गई थी, जिसका व्यापक असर दिखाई दे रहा है। पुलिस के इस अभियान को लोगों का भी समर्थन मिल रहा है और शिकायतों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।







