- अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को भारी अव्यवस्था
- मऊ एक्सप्रेस 11 घंटे 54 मिनट की देरी से पहुंची
- फरक्का, उत्सर्ग समेत कई ट्रेनें घंटों लेट
अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेल यात्रियों की परेशानी उस समय और बढ़ गई जब मऊ एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। समय सारिणी से भटकी ट्रेनों ने यात्रियों को न केवल भारी इंतजार कराया, बल्कि गर्मी और उमस के बीच उन्हें स्टेशन पर भारी असुविधा का भी सामना करना पड़ा।
सबसे ज्यादा देरी मऊ एक्सप्रेस में, यात्री परेशान
मऊ से दिल्ली जाने वाली मऊ एक्सप्रेस (15026) शनिवार को अपने निर्धारित समय से पूरे 11 घंटे 54 मिनट की देरी से अकबरपुर पहुंची। इस अप्रत्याशित देरी ने ट्रेन पकड़ने आए यात्रियों की योजनाओं पर पानी फेर दिया। कुछ यात्रियों को बीच रास्ते से वापसी तक करनी पड़ी।
फरक्का से लेकर उत्सर्ग तक, सभी प्रभावित
केवल मऊ एक्सप्रेस ही नहीं, फरक्का एक्सप्रेस (15744) भी चार घंटे 30 मिनट देर से पहुंची, जबकि उत्सर्ग एक्सप्रेस (15084) दो घंटे 20 मिनट की देरी से आई। इन गाड़ियों में सवार यात्रियों को भी घंटों इंतजार के बाद गंतव्य की ओर रवाना होना पड़ा।
बरेली एक्सप्रेस (14235) एक घंटे 54 मिनट, दून एक्सप्रेस (13010) एक घंटे 42 मिनट,वाराणसी सिटी साबरमती एक्सप्रेस (19167) एक घंटे 35 मिनट,जम्मू तवी एक्सप्रेस (13151 डेढ़ घंटे,कोटा-पटना एक्सप्रेस (13238) डेढ़ घंटे की देरी सें पहुंची।
गंगा सतलज और इंटरसिटी भी नहीं रही अछूती
अप-डाउन की गंगा सतलज एक्सप्रेस (13307/13308) भी क्रमशः 1 घंटा 15 मिनट और 1 घंटा 4 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं लखनऊ इंटरसिटी (04217) भी 1 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची, जिससे लखनऊ जाने वाले दैनिक यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।








