- तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आया बाइक सवार
- भागने के प्रयास में कुचलकर मौत
- पुलिस लाइन में खाना बनाने का करता था काम
कानपुर। शहर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और भागने के चक्कर में उसे कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान सुमित कुशवाहा (33) के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन में खाना बनाने का कार्य करता था।
डंपर ने टक्कर मारी, फिर कुचलकर भाग गया
घटना दासू कुआं के पास की है, जहां सुबह पुलिस लाइन जा रहे सुमित को एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मारी। डंपर चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इस दौरान उसने सुमित को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
नौबस्ता राजीव विहार निवासी सुमित दो बहनों का इकलौता भाई था। पिता ने बताया कि सुमित रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर जा रहा था, लेकिन अब वह कभी लौटकर नहीं आएगा। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमॉर्टम, जांच शुरू
नौबस्ता इंस्पेक्टर शरद तिलारा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से डंपर चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।








