
- महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति की कराई हत्या
- देवर को 50 हजार की सुपारी देकर दिया वारदात को अंजाम
- हत्या के बाद शव नाले में फेंका गया
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और 50 हजार रुपये सुपारी देकर हत्या करवाई। शव को हत्या के बाद नाले में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा सुराग
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीपुर निवासी सोनिया (34) और सोनीपत निवासी रोहित (28) के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी विजय, जो सोनिया का देवर बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार विजय ने ही सुपारी लेकर प्रीतम की हत्या की थी।
हत्या के बाद विजय ने इंस्टाग्राम पर शव का वीडियो और फोटो सोनिया को भेजकर पैसों की मांग की। इसके बाद सोनिया ने पति का ऑटो बेचकर रकम चुकाई।
हिस्ट्रीशीटर था मृतक प्रीतम प्रकाश
डीसीपी क्राइम हर्ष इंदौरा ने बताया कि मृतक प्रीतम प्रकाश (42) अलीपुर का कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या, लूट और धोखाधड़ी सहित दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज थे। अदालत ने उसे भगोड़ा भी घोषित कर रखा था।
सोनिया की प्रीतम से शादी प्रेम विवाह थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। मगर कुछ समय से सोनिया के संबंध रोहित नामक युवक से थे, जिसका खुद का भी क्रिमिनल बैकग्राउंड है। दोनों शादी करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने प्रीतम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।







